National

उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे का डबल अटैक, उड़ानें रद्द; कई राज्यों में अलर्ट

उत्तर भारत में इन दिनों ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार, 17 दिसंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, लेकिन कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर अब तक 131 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में घने कोहरे को लेकर चेतावनी दी गई है। विभाग ने लोगों से शीतलहर और कोहरे के दौरान सतर्क रहने और यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

सोमवार और मंगलवार को भी दिल्ली और यूपी में कोहरे का असर देखने को मिला। मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण सात बसों और तीन कारों की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और करीब 150 लोग घायल हो गए। राजस्थान में भी ठंड ने जोर पकड़ लिया है, जहां कई जगह न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।