कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर अपनी बेटी की पहली तस्वीर शेयर की है और साथ ही उसका नाम भी फैंस के सामने लाया है। कपल ने अपनी नन्ही राजकुमारी का नाम ‘सरायाह मल्होत्रा’ रखा है, जो उनके प्रशंसकों के बीच खूब चर्चा में है।
कियारा और सिद्धार्थ ने साल 2023 में शादी की थी और करीब ढाई साल बाद, 15 जुलाई को उन्होंने अपनी बेटी का स्वागत किया। बेटी के जन्म के चार महीने बाद उन्होंने उसका नाम और फोटो इंस्टाग्राम पर साझा किया। कियारा ने पोस्ट में लिखा, “हमारी प्रार्थनाओं से, हमारी बाहों तक। हमारा आशीर्वाद, हमारी राजकुमारी… सरायाह मल्होत्रा।”
फैंस ने इस खूबसूरत नाम की जमकर तारीफ की और नन्ही सरायाह के लिए लंबी उम्र और अच्छी सेहत की शुभकामनाएं दी। एक यूजर ने लिखा, “कितना प्यारा नाम है, बॉलीवुड में बहुत समय बाद किसी ने अपनी बेटी के लिए इतना खूबसूरत नाम रखा है।”
सरायाह नाम के अलग-अलग संस्कृतियों में सुंदर अर्थ हैं। इसे राजकुमारी, ईश्वर का संरक्षण, पवित्र और शुद्ध के रूप में समझा जाता है। कुछ जगह इसे नदी या सुंदर प्रवाह से जोड़ा जाता है। हिब्रू भाषा में इसका मतलब होता है ईश्वर द्वारा मार्गदर्शन या भगवान का राज, जबकि अरबी में इसे शाही और उच्च कुल की महिला के रूप में समझा जाता है। इस नाम के माध्यम से कपल ने अपनी बेटी के लिए प्यार, आशीर्वाद और संरक्षा की भावना व्यक्त की है।









