National

भारत का सबसे महंगा कार नंबर HR88B8888: 1.17 करोड़ में बिका, जानिए कैसे हासिल कर सकते है अपनी पसंद का VIP नंबर हासिल

हरियाणा में एक बार फिर फैंसी कार नंबर ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हाल ही में नीलामी में नंबर प्लेट HR88B8888 को 1.17 करोड़ रुपये में खरीदा गया। यह भारत का अब तक का सबसे महंगा VIP नंबर बन गया। इस नंबर की शुरूआती कीमत केवल 50,000 रुपये थी, लेकिन बोली के दौरान इसकी कीमत लगातार बढ़ती रही और दोपहर तक यह 88 लाख रुपये तक पहुंच गई।

VIP नंबरों की नीलामी हरियाणा जैसे राज्यों में हर हफ्ते ऑनलाइन होती है। इसमें भाग लेने के लिए केंद्र सरकार के पोर्टल fancy.parivahan.gov.in पर रजिस्टर करना होता है। नीलामी की प्रक्रिया शुक्रवार शाम 5 बजे से शुरू होकर सोमवार सुबह 9 बजे तक चलती है और बुधवार शाम 5 बजे परिणाम घोषित किया जाता है।

HR88B8888 नंबर को खास बनाता है इसका डिजाइन। HR राज्य कोड हरियाणा को दर्शाता है, 88 किसी विशेष RTO या जिले का कोड है, B उस सीरीज को और 8888 चार अंकों का यूनिक नंबर बताता है। इस नंबर की सबसे बड़ी खासियत है कि ‘B’ अक्षर 8 जैसा दिखाई देता है और 8 का लगातार इस्तेमाल इसे बेहद यादगार बनाता है।

VIP नंबर हासिल करने के लिए सबसे पहले fancy.parivahan.gov.in पर अकाउंट बनाना होता है। इसके बाद E-Auction सेक्शन में जाकर अपने राज्य और RTO को चुनें। वहां उपलब्ध सभी VIP नंबरों की लिस्ट दिखाई देती है। अपनी पर्सनल डिटेल्स भरने के बाद फीस जमा करें और नीलामी में अपनी पसंद का नंबर चुनकर बोली लगाएं। सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले को नंबर ऑफिशियल तौर पर अलॉट किया जाता है। ऐसे VIP नंबर यादगार और प्रतिष्ठा का प्रतीक माने जाते हैं। जो लोग अपने वाहन को खास बनाना चाहते हैं, वे हर हफ्ते होने वाली नीलामी में हिस्सा लेकर अपनी पसंद का नंबर हासिल कर सकते हैं I