Himachal Shimla

हिमाचल: 11.55 करोड़ रुपये की चोरी में पनामा VPN का इस्तेमाल, सात गिरफ्तार

राज्य सहकारी बैंक के सर्वर को हैक कर 11.55 करोड़ रुपये की साइबर ठगी में पनामा स्थित वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (VPN) का उपयोग किया गया। साइबर क्राइम सेल शिमला की जांच में यह खुलासा हुआ। पनामा की फर्म से VPN नंबर जारी हुआ था, जिसे लेकर पुलिस ने नोटिस भेजा और जानकारी साझा करने को कहा। अब तक इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाइजीरियन भी शामिल है। जांच में पता चला कि केके नामक व्यक्ति इस पूरी धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड था।

नाइजीरियन आरोपी बेन अरिन्जे उर्फ जोनोउ मैग्लोरी मार्टिन ने पूछताछ में बताया कि केके ने सर्वर हैक करने के लिए उनसे संपर्क किया और बदले में 2 प्रतिशत कमीशन मांगा। सह आरोपी सुरेश बाबू और सिल्वेस्टर ब्रिटो ने बैंक खाते उपलब्ध कराए, जो बाद में बेन को मुंबई के चन्नासांद्रा व्हाइटफील्ड में सौंपे गए।

घटना 16 मई 2025 की है, जब बैंक का मुख्य सर्वर हैक कर रकम मुंबई, जयपुर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक सहित कई राज्यों में ट्रांसफर की गई। साइबर क्राइम सेल की कार्रवाई से अब तक ढाई करोड़ रुपये बैंक को लौटाए जा चुके हैं। अन्य राज्यों में मनी ट्रेल जारी है, और अधिकारियों का प्रयास है कि शेष राशि भी वापस दिलाई जाए।