दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब काबुल से दिल्ली आ रही अरियाना अफगान एयरलाइंस की फ्लाइट FG311 गलत रनवे पर उतर गई। एयरबस A310 विमान को ATC की ओर से रनवे 29L पर उतरने की अनुमति दी गई थी, लेकिन दोपहर करीब 12:06–12:08 बजे यह गलती से रनवे 29R पर लैंड हो गया, जिसे आमतौर पर टेकऑफ के लिए उपयोग किया जाता है। सौभाग्य से उस समय रनवे पर कोई दूसरा विमान मौजूद नहीं था, वरना स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
एविएशन अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वे यह पता लगाने में जुटे हैं कि पायलट ने रनवे को गलत पहचाना या ATC से दिए गए निर्देशों में कोई भ्रम था। अधिकारियों का कहना है कि IGI एयरपोर्ट पर सभी रनवे ATC की मंजूरी के बाद लैंडिंग और टेकऑफ दोनों के लिए उपयोग किए जा सकते हैं, लेकिन सामान्य संचालन में 29L को लैंडिंग और 29R को टेकऑफ के लिए प्राथमिकता दी जाती है। घटना की रिपोर्ट अफगानिस्तान के एविएशन अधिकारियों को भी भेजी जाएगी।
दिल्ली एयरपोर्ट हाल के दिनों में लगातार सुर्खियों में रहा है। कुछ ही दिनों पहले ATC की तकनीकी गड़बड़ी के कारण दो से तीन दिनों तक उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा था। सैकड़ों घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें देरी से चलीं और कई को रद्द करना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इसी दौरान विमानन क्षेत्र में एक अन्य घटना भी सामने आई। मुंबई से देहरादून जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट हवा में पक्षी से टकरा गई, हालांकि पायलट ने सुरक्षित लैंडिंग कराई और विमान की बाद में जांच की गई। विमान में 186 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।









