National

बॉलीवुड ने खोया अपना असली ‘ही-मैन’: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन

हिंदी सिनेमा के महानायक और दर्शकों के चहेते अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। पिछले कुछ समय से वे लगातार विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उम्र से जुड़ी परेशानियों के बीच उनकी सबसे बड़ी दिक्कत सांस लेने में गंभीर परेशानी थी, जो उनकी हालत को बार-बार बिगाड़ रही थी।

करीब तीन सप्ताह पहले धर्मेंद्र की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की देखरेख में वे करीब 11 दिन अस्पताल में भर्ती रहे, जहां उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार भी हुआ। तब डॉक्टरों ने उन्हें घर भेजकर आराम और घरेलू उपचार की सलाह दी थी। घर लौटने के बाद भी उनका इलाज जारी रहा, लेकिन उम्र के इस पड़ाव में शरीर बीमारियों से लड़ने में सक्षम नहीं हो पाया। सोमवार सुबह उनकी सेहत में अचानक गिरावट आई और वे दुनिया को अलविदा कह गए।

सूत्रों के अनुसार, धर्मेंद्र पिछले कई सप्ताह से सांस की गंभीर समस्या, सीने में दर्द और कमजोरी से परेशान थे। हाल ही में उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था। इसके अलावा पिछले वर्षों में भी उन्होंने कई स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना किया—अप्रैल 2025 में उनकी आंख की सर्जरी हुई थी, जबकि कुछ वर्ष पहले डेंगू के कारण उन्हें लंबा समय अस्पताल में रहना पड़ा था। धर्मेंद्र के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर में अपनी जबरदस्त अभिनय क्षमता, एक्शन और सरल व्यक्तित्व से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले धर्मेंद्र को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी विरासत भारतीय सिनेमा की अमूल्य धरोहर बनकर सदैव जीवित रहेगी।