Bihar Bihar Elections 2025

बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए 4 लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात, प्रशासन अलर्ट

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। चुनाव आयोग और गृह विभाग के अनुसार, लगभग साढ़े चार लाख सुरक्षाकर्मी राज्यभर में तैनात किए गए हैं। इनमें 1,500 कंपनियां केंद्रीय सशस्त्र बलों की हैं, जो संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर निगरानी रखेंगी।

इसके अलावा, 60 हजार बिहार पुलिसकर्मी, 30 हजार बीएसएपी (BSAP) जवान, 20 हजार होमगार्ड और 19 हजार प्रशिक्षु सिपाही भी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी के लिए 1.5 लाख चौकीदारों को जिम्मेदारी दी गई है। नदी किनारों और दियारा इलाकों में घुड़सवार दलों की तैनाती की गई है ताकि दुर्गम इलाकों में भी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

चुनाव के दौरान वीवीआईपी उम्मीदवारों और नेताओं की सुरक्षा के लिए NSG-प्रशिक्षित कर्मियों के साथ विशेष सुरक्षा पूल तैयार किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को तैनात किया गया है, जिसमें एटीएस और एसटीएफ के कमांडो शामिल हैं।

बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए बिहार की सीमाएं नेपाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल की ओर से पूरी तरह सील कर दी गई हैं। सीमाओं पर विशेष निगरानी दल तैनात हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य इस बार का मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और हिंसा-मुक्त कराना है।