वॉशिंगटन। अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में भारतीय मूल की गजाला हाशमी ने इतिहास रच दिया है। वह राज्य की नई लेफ्टिनेंट गवर्नर चुनी गई हैं। गजाला हाशमी इस पद पर पहुंचने वाली पहली मुस्लिम और दक्षिण एशियाई मूल की महिला हैं। 61 वर्षीय डेमोक्रेट नेता हाशमी ने रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन रीड को हराकर यह जीत हासिल की। मंगलवार को हुए मतदान के नतीजों में उन्हें स्पष्ट बहुमत मिला।गजाला हाशमी पेशे से शिक्षिका हैं और लंबे समय तक उन्होंने रिचमंड यूनिवर्सिटी और रेनॉल्ड्स कम्युनिटी कॉलेज में पढ़ाया। उन्होंने अपने चुनाव अभियान में शिक्षा, लोकतंत्र की रक्षा, बंदूक हिंसा पर रोक, पर्यावरण संरक्षण, आवास और सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं को प्रमुख मुद्दा बनाया।
भारतीय-अमेरिकी संगठन इंडियन अमेरिकन इम्पैक्ट फंड ने उनकी जीत को ऐतिहासिक और गर्व का क्षण बताया। संगठन ने बताया कि उसने हाशमी के अभियान में 1,75,000 डॉलर का सहयोग दिया था ताकि मतदाताओं को जोड़कर प्रतिनिधित्व को मजबूत किया जा सके।गजाला हाशमी का जन्म भारत में हुआ था और वह चार साल की उम्र में अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गई थीं। उन्होंने जॉर्जिया सदर्न यूनिवर्सिटी से बीए और एमोरी यूनिवर्सिटी से अमेरिकन लिटरेचर में पीएचडी की डिग्री हासिल की।
करीब तीन दशक तक शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने के बाद, हाशमी ने 2019 में वर्जीनिया सीनेट का चुनाव जीता था। अब वे राज्य की लेफ्टिनेंट गवर्नर बनकर एक नई मिसाल कायम कर चुकी हैं।उनकी यह सफलता न केवल भारतीय मूल के समुदाय के लिए, बल्कि महिलाओं और प्रवासियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।









