तिरुपति | नवंबर 01, 2025
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को एकादशी के पावन अवसर पर वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में मची भगदड़ ने पूरे देश को झकझोर दिया। पूजा और दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक अफरातफरी मचने से कई श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि कुछ के मरने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भगदड़ के बाद मंदिर परिसर में दिल दहला देने वाले दृश्य देखने को मिले। कई श्रद्धालु मंदिर के फर्श पर बेसुध पड़े दिखे, वहीं कुछ महिलाएं और बच्चे घायल अवस्था में तड़पते नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में दो महिला श्रद्धालु ज़मीन पर गिरी हुई दिखाई देती हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग उन्हें सीपीआर देने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
एक अन्य वीडियो में एक बच्चा बेसुध पड़ा नजर आया, जिसे एक महिला श्रद्धालु होश में लाने का प्रयास कर रही है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सामान भी बिखरा पड़ा देखा गया।
फिलहाल हादसे में कितने लोगों की मौत या चोटें आई हैं, इसका आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं हुआ है। राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रशासन को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है। हादसे के कारणों की जांच के लिए टीम गठित की गई है।









