National

भारी बर्फबारी और मोंथा तूफान से देश के कई राज्यों में तबाही, मौसम विभाग ने जारी किए अलर्ट

भारत-चीन सीमा से लगे सिक्किम में शुक्रवार को हुई भारी बर्फबारी से तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है. नाथुला, कुपुप और त्सोम्गो झील क्षेत्र में बर्फ की मोटी परत जमी है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए पर्यटकों को ऊंचाई वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि यह समय से पहले पड़ी बर्फबारी जलवायु परिवर्तन का संकेत है.

वहीं, चक्रवात ‘मोंथा’ ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी तबाही मचाई है. तेलंगाना में बारिश और हादसों में छह लोगों की मौत हुई, जबकि कई जिले जलमग्न हो गए. आंध्र प्रदेश में तूफान से 13,000 बिजली के खंभे और 3,000 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए, जिससे राज्य को 5,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.

इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं. अरुणाचल के कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, जबकि झारखंड के 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी है. उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है. देश के कई हिस्सों में यह बदलता मौसम अब चिंता और चुनौती दोनों बन गया है.