Bihar Bihar Elections 2025

बिहार चुनाव: NDA का ‘संकल्प पत्र’ जारी, रोजगार, महिलाएं और किसान बने फोकस

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए ने अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी किया है, जिसमें समाज के हर वर्ग को साधने की कोशिश की गई है। महागठबंधन के ‘तेजस्वी प्रण’ के तीन दिन बाद जारी इस घोषणापत्र में एनडीए ने युवाओं, महिलाओं, किसानों, पिछड़े वर्ग और व्यापारियों के लिए कई वादे किए हैं। एनडीए ने राज्य में 1 करोड़ से अधिक नौकरियां देने और 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का संकल्प लिया है। किसानों के लिए हर फसल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी और ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि’ योजना शुरू करने की घोषणा की गई है, जिसके तहत केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों को आर्थिक सहायता देंगी।

घोषणापत्र जारी करने के दौरान केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा मौजूद रहे। एनडीए ने बिहार के विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की है — ‘न्यू पटना’ में ग्रीनफील्ड शहर बसाने, प्रमुख शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने और ‘सीतापुरम’ को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही पटना के पास ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और दरभंगा, भागलपुर व पूर्णिया में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के निर्माण की भी घोषणा की गई है। एनडीए का दावा है कि ये योजनाएं बिहार की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार को नई दिशा देंगी।