Maharashtra National

फडणवीस सरकार का किसान राहत पैकेज ‘इतिहास का सबसे बड़ा मज़ाक’: उद्धव ठाकरे

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य सरकार के हालिया किसान राहत पैकेज को सिरे से खारिज करते हुए उसे “इतिहास का सबसे बड़ा मजाक” करार दिया. छत्रपति संभाजीनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकरे ने चेतावनी दी कि यदि बाढ़ और बारिश से प्रभावित किसानों को पूरी कर्ज माफी नहीं मिली, तो किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने हालिया महाराष्ट्र दौरे में किसानों की समस्याओं पर एक शब्द भी नहीं कहा. ठाकरे ने राज्य सरकार पर विपक्ष का नेता तय न कर पाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारी बहुमत के बावजूद यह सरकार लोकतंत्र से डरती है. गौरतलब है कि हाल ही में राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों के लिए 31,628 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की थी.