Sports

बुमराह का धमाका: भारत में सबसे तेज़ 50 टेस्ट विकेट, कपिल देव का रिकॉर्ड टूटा

अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके. अपनी घातक गेंदबाज़ी से बुमराह ने 2 बल्लेबाजों को बोल्ड किया, जिससे वह साल 2025 में सबसे ज्यादा बोल्ड आउट करने वाले गेंदबाज बन गए हैं. बुमराह ने अब तक टेस्ट क्रिकेट में इस साल 12 बल्लेबाजों को बोल्ड किया है, जबकि दूसरे नंबर पर मोहम्मद सिराज हैं, जिन्होंने 9 बल्लेबाजों को क्लीन बोल्ड किया है.

इस मैच में बुमराह ने भारत में अपने 50 टेस्ट विकेट भी पूरे कर लिए, वो भी सिर्फ 24 पारियों में. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने कपिल देव को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने भारत में 50 विकेट लेने में 25 पारियां ली थीं. बुमराह अब भारत में सबसे तेज़ 50 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज़ बन गए हैं.

इतना ही नहीं, बुमराह WTC (वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप) में घरेलू ज़मीन पर 50 विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज़ गेंदबाज़ भी बन गए हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि केवल स्पिनर्स रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के नाम थी. बुमराह ने अब तक टेस्ट में विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन किया है – ऑस्ट्रेलिया में 64, इंग्लैंड में 51, और दक्षिण अफ्रीका में 38 विकेट. कुल मिलाकर, बुमराह का यह प्रदर्शन भारतीय तेज़ गेंदबाज़ी की नई पहचान बन चुका है.