नई दिल्ली: एम3एम और हुरुन इंडिया ने 2025 की भारत की रिच लिस्ट जारी कर दी है। इस बार भी मुकेश अंबानी 9.55 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि अडाणी परिवार 8.15 लाख करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है।
इस साल सूची में एचसीएल चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा पहली बार टॉप-3 में शामिल हुईं। 2.84 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ वह भारत की सबसे अमीर महिला और टॉप-10 की सबसे युवा सदस्य बन गईं।
युवाओं की भी खास भूमिका रही। 31 साल के अरविंद श्रीनिवास (AI स्टार्टअप Perplexity) 21,190 करोड़ रुपये के साथ सबसे युवा अरबपति बने। Zepto के 22 वर्षीय कैवल्य वोहरा और आदित पालीचा ने भी सूची में जगह बनाई।
सबसे बड़ा सरप्राइज बॉलीवुड से आया। शाहरुख खान 1 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर अभिनेता बन गए हैं। उनकी संपत्ति अब 12,490 करोड़ रुपये है।
अन्य प्रमुख नामों में 70 वर्षीय नीरज बजाज और परिवार (2.33 लाख करोड़ रुपये) और पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा शामिल हैं, जिन्होंने शेयरों में 124% वृद्धि के चलते लिस्ट में शानदार वापसी की।
इस बार कुल 1,687 लोग 1,000 करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति वाले हैं, जिनमें 284 नए नाम शामिल हुए। शहरवार मुंबई सबसे आगे है (451 अरबपति), इसके बाद दिल्ली (223) और बेंगलुरु (116)। फार्मा सेक्टर में 137 अरबपति हैं, जबकि इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स और केमिकल्स-पेट्रोकेमिकल्स में क्रमशः 132 और 125 अरबपति हैं। रियल एस्टेट ने भी इस बार 99 नए अरबपतियों को जन्म दिया।
एम3एम फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. पायल कनोडिया का कहना है कि रियल एस्टेट अब केवल कारोबार नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुका है। हुरुन इंडिया के फाउंडर अनस रहमान जुनीद के अनुसार, भारत के अरबपतियों की कुल संपत्ति अब 167 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जिनमें ज्यादातर पहली पीढ़ी के उद्यमी हैं।









