नई दिल्ली, 29 सितंबर 2025: भारत के लिए आर्थिक मोर्चे पर बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी रेटिंग एजेंसी मूडीज ने भारत की लोकल और फॉरेन करेंसी इश्यूअर रेटिंग को Baa3 पर बनाए रखा है और इसके साथ ही ‘स्थिर’ आउटलुक भी जारी किया है। एजेंसी ने यह भी कहा कि भारत की इकोनॉमी तेजी से बढ़ रही है, उसकी बाहरी आर्थिक स्थिति मजबूत है और घरेलू वित्तीय आधार ठोस है, जो मौजूदा राजकोषीय घाटे को सपोर्ट करता है।
मूडीज ने भारत की शॉर्ट-टर्म लोकल करेंसी रेटिंग को भी P-3 पर बरकरार रखा। रिपोर्ट में बताया गया कि ये रेटिंग्स इस बात का संकेत हैं कि भारत अपने कर्ज का भुगतान क्षमता में मजबूत है, चाहे वो अपनी मुद्रा में हो या विदेशी मुद्रा में।
EY ने भी भारत की आर्थिक स्थिति को लेकर भरोसा जताया है। अपनी ‘इकोनॉमी वॉच’ रिपोर्ट में EY ने वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) के लिए रीयल GDP ग्रोथ अनुमान को 6.5% से बढ़ाकर 6.7% कर दिया है। जून तिमाही में 7.8% की मजबूत GDP ग्रोथ और GST सुधारों के कारण डिमांड में सुधार EY का यह अनुमान बढ़ाने का कारण बताया गया।
मूडीज की रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि भारत की आर्थिक मजबूती उसे वैश्विक चुनौतियों, जैसे अमेरिका के हाई टैरिफ या अन्य अंतरराष्ट्रीय नीतियों से प्रभावित होने से बचाने में मदद करेगी। हालांकि, उच्च कर्ज बोझ कम करने में समय लगेगा और कुछ फिस्कल कदमों ने सरकार के राजस्व आधार को कमजोर किया है।
14 अगस्त को S&P ग्लोबल रेटिंग्स ने भी भारत की सॉवरेन रेटिंग को ‘BBB-’ से ‘BBB’ कर बढ़ाया था।









