National

बेटिंग एप केस: युवराज सिंह ED दफ्तर में पेश, कई सेलिब्रिटीज से पूछताछ जारी

पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह दिल्ली स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय में पूछताछ के लिए पहुंचे हैं. उनसे यह पूछताछ अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप ‘1xBet’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है. इससे पहले इसी केस में ईडी ने रॉबिन उथप्पा से करीब 8 घंटे तक पूछताछ की थी. ईडी इस मामले में कई मशहूर हस्तियों से सवाल-जवाब कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें इन ऐप्स के प्रचार के लिए किस तरह संपर्क किया गया, भुगतान किस माध्यम से हुआ और वो भारत में हुआ या विदेश में.

इससे पहले क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन, एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती और बंगाली एक्टर अंकुश हाजरा से भी पूछताछ की जा चुकी है. अब 24 सितंबर को अभिनेता सोनू सूद को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है. सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अन्वेषी जैन से भी इसी सिलसिले में पूछताछ की जा चुकी है. ईडी जानने की कोशिश कर रही है कि क्या ये प्रचारक सिर्फ ब्रांड प्रमोशन कर रहे थे या उन्हें इसके दायरे और कानूनी जोखिमों की जानकारी थी.

‘1xBet’ एक अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजी ऐप है, जो दुनियाभर में अपने नेटवर्क के जरिए खेल आयोजनों पर दांव लगाने की सुविधा देता है. हाल ही में केंद्र सरकार ने असली पैसे वाले ऑनलाइन गेम्स और सट्टेबाजी ऐप्स पर कड़ा रुख अपनाया है. इस केस में आने वाले दिनों में और नामचीन हस्तियों से पूछताछ हो सकती है.