Himachal Shimla

हिमाचल में PWD को मिली 35 नई बोलेरो कैंपर की सौगात

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड से खरीदे गए 35 बोलेरो कैंपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी वाहन हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के लिए जेम (Government e-Marketplace) पोर्टल के माध्यम से खरीदे गए हैं।

मंत्री ने कहा कि इन वाहनों से विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और दूरदराज क्षेत्रों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। साथ ही आपदा प्रबंधन और निरीक्षण कार्य भी अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि वाहनों की खरीद पारदर्शी और किफायती प्रक्रिया के तहत जेम पोर्टल से की गई है, जो सरकार की डिजिटल इंडिया और सुशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इन बोलेरो कैंपर का उपयोग विभागीय निरीक्षण, निगरानी, निर्माण कार्यों की समीक्षा और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए किया जाएगा।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।