पहलगाम में हुए आंतकी हमले के बाद भारत ने आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था. अब ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना की कार्रवाई को लेकर वायुसेना प्रमुख एपी सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सेना पाकिस्तान के 6 विमानों को तबाह कर दिया था. गिराए गए विमानों में पाकिस्तान के पांच फाइटर जेट्स और एक जासूसी विमान था. उन्होंने कहा कि, युद्ध में भारत का असली गेम चेंजर एस-400 डिफेंस सिस्टम साबित हुआ. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को हुए नुकसान पर इंडियन एयरफोर्स की तरफ से यह पहला आधिकारिक बयान है.
वायुसेना प्रमुख ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मुरीदके-लश्कर मुख्यालय पर हमले से पहले और बाद की तस्वीरें दिखाईं. वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा कि, यह मुरीदके-लश्कर के सीनियर नेतृत्व का आवासीय क्षेत्र है.यह उनका कार्यालय भवन था जहां वे बैठकें करने के लिए इकट्ठा होते थे. ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए, वायु सेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा, “…हमारी एयर डिफेंस सिस्टम ने शानदार काम किया है. एस-400 प्रणाली, जिसे हमने हाल ही में खरीदा था, एक क्रांतिकारी बदलाव साबित हुई है. उन्होंने कहा कि, दुश्मन एस-400 डिफेंस सिस्टम को भेद पाने में नाकाम साबित हुए.









