नई दिल्ली: भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकवादी ठिकानों पर बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए 7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत नौ आतंकी शिविरों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे प्रतिबंधित संगठनों के करीब 100 आतंकवादी मारे गए हैं। यह जवाब 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के प्रतिशोध में दिया गया है, जिसमें 26 नागरिकों की जान गई थी।
तीनों प्रमुख आतंकी संगठनों के गढ़ बने निशाना
सूत्रों के अनुसार, बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय और मुरीदके स्थित लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना भारत की कार्रवाई में शामिल था। इसके अलावा कोटली और मुजफ्फराबाद में भी आतंकी शिविरों को निशाना बनाया गया। सभी नौ ठिकानों पर हमले सफल बताए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने की निगरानी
सूत्रों ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की पूरी निगरानी की और इसकी रणनीति पर उच्च स्तरीय बैठक में सेना को पूरी छूट दी गई थी। यह निर्णय 29 अप्रैल को लिया गया था।
भारतीय वायुसेना का सटीक प्रहार
रक्षा मंत्रालय ने देर रात 1:44 बजे ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि हमले “सटीक और संयमित” थे और किसी भी पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठान को लक्ष्य नहीं बनाया गया। भारतीय सेना ने बयान जारी कर कहा – “न्याय हुआ है।”
पाकिस्तान का जवाब और चेतावनी
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने भारतीय कार्रवाई को “कायरतापूर्ण हमला” बताया और कहा कि पाकिस्तान समय और स्थान तय करके इसका जवाब देगा। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने भारत पर नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
सीमाएं अलर्ट पर, एयरबेस सक्रिय
भारत ने पाकिस्तान से लगती सीमा पर सभी वायु रक्षा इकाइयों को हाई अलर्ट पर रखा है। सैन्य सूत्रों ने बताया कि अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, यूएई और सऊदी अरब सहित प्रमुख देशों को इस कार्रवाई की जानकारी दी गई है।
सिंदूर: प्रतिशोध का प्रतीक
ऑपरेशन का नाम ‘सिंदूर’ प्रतीकात्मक रूप से भारत की सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा है। बताया गया कि पहलगाम हमले में कई विवाहित पुरुषों की हत्या उनके परिजनों के सामने हुई थी, जिससे यह कार्रवाई न केवल सैन्य बल्कि भावनात्मक जवाब भी है।
रक्षा मंत्री ने दी प्रतिक्रिया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा – “भारत माता की जय”, वहीं सशस्त्र बलों ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का संकल्प अडिग है और हमले का बदला ले लिया गया है।









