साल 2026 का रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार फ्रांस के हेनरी कागन और जापान के केन्सो सोआई को प्रदान किया गया है। स्वीडिश रॉयल एकेडमी ऑफ साइंसेज ने उन्हें असममित कार्बनिक संश्लेषण में नॉन-लीनियर प्रभावों और ऑटोकैटेलिसिस से जुड़े महत्वपूर्ण शोध के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना है। हेनरी कागन पेरिस विश्वविद्यालय से, जबकि केन्सो सोआई टोक्यो यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस से जुड़े हैं।
इससे पहले 2025 में रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार जापान के सुसुमु कितागावा, ऑस्ट्रेलिया के रिचर्ड रॉबसन और अमेरिका के ओमर एम. यागी को दिया गया था। तीनों वैज्ञानिकों को मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स के विकास में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया था। 1901 से 2025 के बीच रसायन विज्ञान के क्षेत्र में कुल 117 नोबेल पुरस्कार दिए जा चुके हैं, जिनमें 198 लोगों को सम्मानित किया गया है। नोबेल पुरस्कार विजेताओं को दिसंबर में स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान उन्हें मेडल, डिप्लोमा और पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वर्ष 2026 में नोबेल पुरस्कार की राशि लगभग 11.5 करोड़ रुपये बताई गई है।


