शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के ताहेरपुर में कार्यक्रम मौसम की वजह से प्रभावित हो गया। शनिवार सुबह MI 17 हेलीकॉप्टर ने कोलकाता एयरपोर्ट से सुबह 11:15 बजे राणाघाट के ताहेरपुर में हेलीपैड के लिए उड़ान भरी. इसे ताहेरपुर लैंड करना था. कोलकाता एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए ताहेरपुर जाने वाले पीएम मोदी का विमान घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण हेलीपैड पर लैंड नहीं कर सका और उन्हें कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा।
इस बीच ताहेरपुर में सभा शुरू हो गई थी, जिसमें भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार उपस्थित थे और हजारों लोग प्रधानमंत्री का भाषण सुनने का इंतजार कर रहे थे। मौसम खराब होने के कारण पीएम मोदी ने सभा को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करने का निर्णय लिया। कोहरे के चलते शनिवार सुबह से ही साउथ बंगाल सहित बंगाल से पंजाब तक विजिबिलिटी कम रही, जिससे कई हवाई और सड़क मार्ग प्रभावित हुए।








