Uttar Pradesh

स्टार्टअप के क्षेत्र में उत्तराखंड की बड़ी छलांग, केंद्र सरकार ने किया अग्रणी राज्य के रूप में सम्मानित

उत्तराखंड ने देश के स्टार्टअप मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) द्वारा राज्य को सशक्त स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल किया गया है।

राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर आयोजित States Startup Ecosystem Ranking (पांचवां संस्करण) में उत्तराखंड के उद्योग विभाग को सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन प्रदान किया गया। यह सम्मान राज्य में नवाचार, उद्यमिता और निवेश के लिए तैयार किए गए अनुकूल माहौल की राष्ट्रीय स्तर पर पुष्टि करता है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए राज्य के उद्यमियों और स्टार्टअप समुदाय की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने सरल प्रक्रियाओं, सहायक नीतियों और मजबूत सहयोग तंत्र के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर दिए हैं। आज यह परिणाम उसी निरंतर प्रयास का प्रतिफल है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में नए विचारों को साकार करने की अपार क्षमता है और राज्य सरकार उन्हें हर स्तर पर मार्गदर्शन, संसाधन और मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सम्मान केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रदेश के हर उस युवा उद्यमी का है, जिसने अपने विचारों से बदलाव लाने का साहस किया। राष्ट्रीय मंच पर मिली यह पहचान दर्शाती है कि उत्तराखंड की स्टार्टअप नीति अब केवल राज्य तक सीमित नहीं रही, बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी एक प्रभावी मॉडल के रूप में उभर रही है।