National Politics Uttar Pradesh

यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस गठबंधन की तैयारी तेज, 200 सीटों पर उम्मीदवारों की पहचान!

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस एक बार फिर साथ मिलकर चुनाव लड़ने की दिशा में आगे बढ़ती नजर आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर शुरुआती सहमति बन चुकी है और कई सीटों पर रणनीतिक स्तर पर चर्चा भी पूरी हो गई है।बताया जा रहा है कि सपा ने करीब 200 विधानसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों की पहचान कर ली है। पार्टी इस बार चुनावी तैयारी पहले से शुरू कर रही है ताकि उम्मीदवारों को अपने क्षेत्र में पर्याप्त समय मिल सके। इसके तहत जिलों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है और संगठन के पदाधिकारियों को लखनऊ बुलाकर विधानसभा वार समीक्षा की जा रही है।

सीट बंटवारे को लेकर सपा का रुख साफ है। पार्टी केवल उन्हीं सीटों पर कांग्रेस को मौका देना चाहती है जहां उसका मजबूत जनाधार और जीत की वास्तविक संभावना हो। कांग्रेस से भी सीटवार अपनी ताकत और संगठनात्मक स्थिति का विवरण मांगा जा रहा है। दोनों दलों का प्रयास है कि सीटों का चयन जीत की संभावना और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर किया जाए।

सपा नेतृत्व उम्मीदवारों की गोपनीय जांच भी करवा रहा है, जिसमें क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता, संगठन पर पकड़ और चुनाव जीतने की क्षमता का मूल्यांकन किया जा रहा है। जुलाई के पहले सप्ताह से उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। पार्टी इस बार टिकट वितरण को अंतिम समय तक टालने के बजाय पहले ही उम्मीदवारों को मैदान में उतारना चाहती है। इससे कार्यकर्ताओं की नाराजगी कम होगी और चुनावी तैयारियों को मजबूती मिलेगी। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव लगातार भाजपा की रणनीति पर भी नजर बनाए हुए हैं और हाल ही में उन्होंने दावा किया था कि भाजपा आगामी चुनाव में बड़ी संख्या में अपने उम्मीदवार बदल सकती है।