Truecaller ने अपने यूजर्स के लिए एक नया और उपयोगी फीचर लॉन्च किया है। अक्सर हमारी कॉल्स बिजी होने या व्यस्तता की वजह से मिस हो जाती हैं, जिससे यह जानना मुश्किल हो जाता है कि सामने वाला व्यक्ति क्या कहना चाहता था। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए Truecaller ने वॉयसमेल फीचर पेश किया है, जो अब सभी यूजर्स के लिए मुफ्त उपलब्ध है।
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि यदि आप किसी कॉल को रिसीव नहीं कर पाते हैं, तो कॉल करने वाला व्यक्ति आपको वॉयसमेल भेज सकता है। यह वॉयसमेल AI की मदद से टेक्स्ट में बदल जाएगा, और आप इसे अपनी पसंदीदा भाषा में पढ़ भी सकते हैं। यह सुविधा Android स्मार्टफोन यूजर्स के लिए है और इसमें 12 भारतीय भाषाओं का सपोर्ट शामिल है, जिनमें हिंदी, मराठी, बंगाली, तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़, नेपाली, गुजराती, संस्कृत, पंजाबी और उर्दू शामिल हैं।
Truecaller वॉयसमेल फीचर यूजर्स को रिकॉर्डिंग पर पूरा कंट्रोल और प्राइवेसी देता है। इसमें स्मार्ट कॉल कैटेगराइजेशन, स्पैम फिल्टरिंग और प्लेबैक स्पीड एडजस्ट करने जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। यूजर्स अपने मैसेज सीधे ऐप में वॉयसमेल टैब से एक्सेस कर सकते हैं। जहां फ्री यूजर्स वॉयसमेल का बेसिक एक्सपीरियंस प्राप्त कर सकते हैं, वहीं प्रीमियम यूजर्स Truecaller Assistant के जरिए कॉल का जवाब देने, कॉलर्स से बातचीत करने और पर्सनलाइज्ड ग्रीटिंग्स सेट करने जैसी एडवांस सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल नंबर पर कॉल फ़ॉरवर्डिंग ऑन होना जरूरी है और वॉयसमेल ट्रांसक्रिप्शन दिखने में कुछ समय लग सकता है। यूजर्स को यह सुविधा इस्तेमाल करने के लिए Truecaller का लेटेस्ट वर्जन डाउनलोड करना होगा। Truecaller का यह नया वॉयसमेल फीचर मिस कॉल्स का जवाब जानने का आसान और स्मार्ट तरीका साबित हो सकता है, और अब यह सभी यूजर्स के लिए मुफ्त उपलब्ध है।









