Punjab

पंजाब में धमकी भरे ईमेल से हड़कंप: स्कूलों को उड़ाने की चेतावनी, CM भगवंत मान को भी जान से मारने की धमकी

पंजाब में एक बार फिर धमकी भरे ईमेल सामने आने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। गुरदासपुर और पठानकोट के कई स्कूलों को उड़ाने की चेतावनी के साथ भेजे गए संदेशों में इस बार मुख्यमंत्री भगवंत मान को नुकसान पहुंचाने की बात भी लिखी गई थी। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एहतियातन परिसरों को खाली करवा दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। घंटों चली गहन तलाशी के बाद किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिक जांच में यह मामला दहशत फैलाने की कोशिश का लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच जारी है।

ईमेल में यह दावा किया गया कि दोपहर तक विस्फोट किए जाएंगे और मुख्यमंत्री भी कथित तौर पर “निशाने” पर हैं। इससे पहले आए धमकी भरे संदेशों में आम तौर पर धार्मिक स्थलों, अदालतों या शैक्षणिक संस्थानों का जिक्र होता था, लेकिन मुख्यमंत्री को लेकर ऐसी बात पहली बार सामने आई है।

घटना के समय बारिश के कारण स्कूलों में उपस्थिति कम थी, फिर भी संदेश मिलते ही प्रबंधन ने अभिभावकों को तुरंत सूचित किया और बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया। पुलिस ने बताया कि साइबर क्राइम टीम ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है और भेजने वाले की पहचान के लिए आईपी एड्रेस सहित डिजिटल सुराग खंगाले जा रहे हैं।

उधर, देश के अन्य हिस्सों से भी इसी तरह की धमकियों की खबरें आई हैं, हालांकि वहां भी जांच में अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी असामान्य गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।