Jobs

भारतीय सेना में बड़े पैमाने पर होगी भर्ती, हर साल निकलेगी एक लाख तक वैकेंसी

भारतीय सेना में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। आने वाले समय में सेना भर्ती की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। भारतीय सेना (Indian Army) में लगभग 1.8 लाख सैनिकों की कमी है. इस कमी को पूरा करने के लिए इंडियन आर्मी अग्निवीरों की भर्ती के लिए वैकेंसी को मौजूदा 45,000-50,000 से बढ़ाकर हर साल 1 लाख से ज्यादा करने पर विचार कर रही है I

पिछले कुछ वर्षों में भर्ती कम होने के कारण यह कमी और अधिक बढ़ गई। साल 2020 और 2021 में कोरोना महामारी के चलते नियमित भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई थी, जबकि इस दौरान हर साल हजारों सैनिक रिटायर होते रहे। इसके बाद 2022 में अग्निपथ योजना शुरू की गई, जिसके अंतर्गत उस वर्ष करीब 46 हजार अग्निवीरों को ही शामिल किया गया था। भर्ती की संख्या कम होने और रिटायरमेंट जारी रहने से हर वर्ष 20 से 25 हजार की कमी और बढ़ती गई।

अब सेना इस अंतर को कम करने के लिए भर्ती संख्या बढ़ाने की तैयारी में है। सेना अपनी प्रशिक्षण सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी संख्या तय करेगी, जिससे किसी भी स्तर पर प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर असर न पड़े। सेना का मानना है कि बेहतर ट्रेनिंग ही उसकी ताकत है, इसलिए संख्या बढ़ाते समय गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।

एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि 2026 के अंत तक अग्निवीरों का पहला बैच अपनी चार वर्ष की सेवा पूरी कर लेगा, जिसके बाद वे रिटायर होना शुरू होंगे। ऐसे में नियमित सैनिकों और अग्निवीरों के रिटायर होने से आने वाले वर्षों में कमी और बढ़ सकती है। इसी वजह से सेना अगले कुछ वर्षों में भर्ती को और विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।