सिख धर्म के हिमालयी तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 10 अक्टूबर 2025 को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे. गुरुद्वारा गोविंद घाट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह के अनुसार, इस अवसर पर विशेष सजावट और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पंजाब सहित विभिन्न स्थानों से बैंड टीमों की उपस्थिति भी इस कार्यक्रम को भव्य बनाएगी. अब तक इस वर्ष करीब 2,68,000 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब की यात्रा कर चुके हैं.
इसी के साथ, चारधाम यात्रा को लेकर भी शीतकालीन बंदी की तिथियां निर्धारित की गई हैं। उत्तराखंड के चार प्रमुख धाम — बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री — के कपाट क्रमशः अक्टूबर और नवंबर माह में बंद किए जाएंगे. धार्मिक परंपरा और पंचांग के अनुसार, गंगोत्री धाम के कपाट 22 अक्टूबर, यमुनोत्री व केदारनाथ के कपाट 23 अक्टूबर और बद्रीनाथ धाम के कपाट 6 नवंबर 2025 को बंद किए जाएंगे.
धामों के कपाट बंद होने के पश्चात, देव प्रतिमाओं को विधिपूर्वक उनके शीतकालीन गद्दी स्थलों पर ले जाया जाएगा. भगवान बद्रीनाथ की गद्दी जोशीमठ, केदारनाथ की ऊखीमठ, गंगोत्री की मुखवा गांव और यमुनोत्री की खरसाली में स्थापित की जाती है, जहां अगले छह माह तक पूजा-अर्चना होती है.









