बिहार सरकार ने सार्वजनिक जगहों पर अश्लील और आपत्तिजनक गाने बजाने पर कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त कार्रवाई का फैसला किया है। अब राज्य में कहीं भी इस तरह के गाने चलाने वालों के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज करेगी। भोजपुरी संगीत को जहां बिहार की सांस्कृतिक पहचान माना जाता है, वहीं कई गीतों में बढ़ती अश्लीलता को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है।
डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील या डबल मीनिंग गाने बजाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शादी, समारोह या अन्य आयोजनों में भी इस तरह के गीतों पर निगरानी रखी जाएगी। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सामाजिक मर्यादा बनाए रखना और युवाओं पर गलत प्रभाव रोकना है। पुलिस जल्द ही कार्रवाई शुरू करेगी।









