Entertainment

थलापति विजय की फेयरवेल फिल्म ‘जन नायकन’ को UK में मिला अनकट रिलीज का तोहफा

साउथ सुपरस्टार और राजनीति में सक्रिय हो चुके थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित और कथित तौर पर आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। फिल्म के यूके डिस्ट्रीब्यूटर ने घोषणा की है कि ‘जन नायकन’ 24 जुलाई को ब्रिटेन के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और खास बात यह है कि वहां दर्शकों को फिल्म बिना किसी कट (Uncut Version) के देखने को मिलेगी। इसके साथ ही यूके में फिल्म की एडवांस टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है, जिससे विजय के फैंस के बीच उत्साह और बढ़ गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में फिल्म को सेंसर बोर्ड ने मंजूरी तो दे दी है, लेकिन रिलीज से पहले 12 कट लगाने के निर्देश दिए हैं। इनमें राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ा एक दृश्य, विजय की राजनीतिक पार्टी TVK से संबंधित संदर्भ और कुछ संवेदनशील संवाद शामिल बताए जा रहे हैं। दूसरी ओर, यूके में दर्शकों को फिल्म का मूल और अनकट संस्करण देखने का अवसर मिलेगा।

एच. विनोथ के निर्देशन में बनी ‘जन नायकन’ में थलापति विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज, प्रियामणि, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन और नारायण जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। माना जा रहा है कि यह विजय के फिल्मी करियर की विदाई फिल्म होगी, क्योंकि अभिनेता अब पूरी तरह राजनीति पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला कर चुके हैं। हालांकि, फिल्म की वर्ल्डवाइड रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है, लेकिन उम्मीद है कि इसकी घोषणा जल्द की जाएगी।