अगर आप सितंबर में नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो जेब पर थोड़ा ज्यादा भार पड़ सकता है। टाटा मोटर्स और हुंडई मोटर इंडिया ने 1 सितंबर 2026 से अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी लागू कर दी है। टाटा की कारों और SUV की कीमतें मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अधिकतम 25,000 रुपये तक बढ़ी हैं, जबकि हुंडई ने अपनी पूरी पैसेंजर व्हीकल रेंज में अधिकतम 1 फीसदी तक कीमत बढ़ाई है।
टाटा मोटर्स के मुताबिक बढ़ती इनपुट लागत, कमोडिटी महंगाई और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के चलते कीमतों में संशोधन किया गया है। इस बढ़ोतरी का असर पेट्रोल-डीजल कारों के साथ टाटा की इलेक्ट्रिक कारों पर भी पड़ा है। हालांकि हर मॉडल की कीमत 25 हजार रुपये नहीं बढ़ी है और वास्तविक बढ़ोतरी वेरिएंट के अनुसार अलग-अलग होगी। वहीं, हुंडई की यह 2026 में तीसरी कीमत बढ़ोतरी है। कंपनी ने बढ़ती इनपुट और कमोडिटी लागत, परिचालन खर्च और आर्थिक अनिश्चितताओं को कीमत बढ़ाने की प्रमुख वजह बताया है।


