उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में शनिवार सुबह एक संदिग्ध दस्तावेज मिलने के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। दस्तावेज कथित तौर पर बम बनाने की विधि और उससे जुड़े लेआउट से संबंधित बताया जा रहा है। मामले की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे एक्स-रे विभाग के प्रभारी अपनी नियमित ड्यूटी पर पहुंचे। विभाग की एक दराज खोलने पर उन्हें एक संदिग्ध कागज मिला, जिसमें कथित रूप से विस्फोटक तैयार करने से जुड़ी जानकारी दर्ज थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद सीएमएस डॉ. अरविंद सिंह ने पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि शुक्रवार रात एक्स-रे विभाग में फर्स्ट ईयर के छात्र सरफराज की ड्यूटी थी। पुलिस को संदेह है कि दस्तावेज उसी दौरान तैयार किया गया हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच के दौरान पुलिस ने सरफराज समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अन्य दो व्यक्तियों की पहचान अभिषेक और संतोष के रूप में हुई है, जिनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है। पुलिस ने संदिग्ध दस्तावेज को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की वास्तविकता का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


