Chandigarh Politics Punjab

पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट चुनाव को लेकर छात्र विरोध तेज, कैंपस में सुरक्षा कड़ी

चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में लंबित सीनेट चुनाव को लेकर विरोध पिछले कई दिनों से जारी है और सोमवार को इसका स्वरूप और व्यापक हो गया छात्र बड़े पैमाने पर सड़कों पर उतरे। छात्रों का कहना है कि चुनाव की तारीखों की घोषणा अभी तक नहीं की गई है और यह उनके अधिकारों के खिलाफ है। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य गेटों पर पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की और प्रवेश के लिए छात्रों को पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य कर दिया।

पीयू बचाओ मोर्चा, छात्र संगठन, किसान और शिक्षक समूह इस विरोध में शामिल हुए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। छात्रों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल अपने प्रतिनिधि संस्था के लिए वोट डालने का अधिकार सुनिश्चित करना है।

पुलिस ने सभी बॉर्डर एरिया और मुख्य मार्गों पर नाके लगाए और सीसीटीवी निगरानी बढ़ा दी। 1500 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्विक रेस्पॉन्स टीम मौजूद है। प्रशासन ने विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी तरह की अराजकता रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती है।

छात्रों का कहना है कि जब तक सभी 91 सीनेट सदस्यों की चुनाव तिथि घोषित नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। केंद्र सरकार ने पहले ही सीनेट भंग करने का नोटिफिकेशन वापस लिया है, लेकिन छात्र चाहते हैं कि चुनाव की आधिकारिक तारीखें जल्द घोषित हों।