Delhi

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के कारण स्कूलों और कॉलेजों में खेल गतिविधियाँ स्थगित

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती वायु प्रदूषण की समस्या को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में होने वाली सभी खेल प्रतियोगिताओं और शारीरिक गतिविधियों को अगले आदेश तक स्थगित करने का फैसला किया है। शिक्षा एवं खेल निदेशालय ने इस संबंध में सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त स्कूल, विश्वविद्यालय, कॉलेज और खेल संघों को निर्देश जारी किया है।

सरकार ने यह कदम वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की सलाह के बाद उठाया है। आयोग ने अपने नोटिस में कहा है कि नवंबर और दिसंबर में निर्धारित सभी खेल आयोजन, मौजूदा गंभीर वायु गुणवत्ता को देखते हुए, बच्चों और खिलाड़ियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए स्थगित किए जाएँ।

नए निर्देशों के अनुसार, दिल्ली के सभी शैक्षणिक संस्थान और खेल संघ इस आदेश का पालन कड़ाई से करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला विद्यार्थियों और खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और हवा की गुणवत्ता में सुधार होने तक सभी बाहरी खेल गतिविधियाँ रोक दी जाएँगी।