Business

ट्रंप के टैरिफ धमकी का असर, सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ धमकियों का असर आज दुनियाभर के शेयर बाजारों में दिखा। ट्रंप की 200 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़ाने की चेतावनी के बाद भारत समेत एशियाई बाजारों में भारी बेचैनी देखने को मिली। भारतीय बाजार के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी लगातार लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।

आज बुधवार को ओपनिंग के बाद ही सेंसेक्स में तेज गिरावट देखने को मिली। पहले एक घंटे में यह 325 अंक नीचे गया और करीब सवा दस बजे इसमें 500 अंकों की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी 130 अंकों की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था। अमेरिकी बाजार भी टैरिफ की चिंता के चलते कमजोर रहे।

ट्रंप ने हाल ही में आठ यूरोपीय देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी, जो 1 फरवरी से लागू होगा। इसके अलावा, यदि ग्रीनलैंड पर कब्जे में रुकावट आई, तो टैरिफ 25 प्रतिशत तक बढ़ाने की चेतावनी दी। फ्रांस की वाइन और शैम्पेन पर 200 प्रतिशत टैरिफ की धमकी ने बाजारों में भय और बेचैनी बढ़ा दी।

भारतीय बाजार पहले ही पिछले दिनों ट्रंप की टैरिफ नीतियों के डर से प्रभावित रहा है। मंगलवार को सेंसेक्स 1,066 अंक गिरकर 82,180 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में 353 अंकों की गिरावट दर्ज की गई थी। आज भी बाजार में इसी तरह का दबाव नजर आ रहा है।