हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने मां सरस्वती को नमन कर की और प्रदेशवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। सीएम सैनी ने कहा कि सरस्वती महोत्सव हमारी प्राचीन सभ्यता और संस्कृति के पुनर्जागरण का पर्व है। उन्होंने बताया कि मां सरस्वती के पुनरुद्धार के लिए 63 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से 26 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरस्वती केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति को जोड़ने वाला सांस्कृतिक सूत्र है। हरियाणा सरकार सरस्वती नदी के पुनर्जीवन के लिए तेजी से काम कर रही है। वर्ष 2015 में हरियाणा सरस्वती हेरिटेज बोर्ड की स्थापना की गई, जो 75 प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से नदी के पुनरुद्धार पर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि सरस्वती से जुड़े प्रमुख तीर्थ स्थलों को “सरस्वती तीर्थ” के रूप में विकसित किया जाएगा। नदी के निरंतर प्रवाह के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ ऐतिहासिक समझौता किया गया है। बीते 10 वर्षों में सरस्वती मार्ग पर 18 नए पुलों का निर्माण भी किया गया है।









