Entertainment

संजय लीला भंसाली रचेंगे इतिहास, पहली बार रिपब्लिक डे परेड में इंडियन सिनेमा की झांकी

इस साल 26 जनवरी 2026 को होने वाली रिपब्लिक डे परेड में भारतीय सिनेमा का सम्मान एक खास अंदाज में किया जाएगा। 77 साल के इतिहास में पहली बार परेड में इंडियन फिल्म इंडस्ट्री को दर्शाने वाली झांकी दिखाई जाएगी, और इस झांकी का निर्देशन बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक संजय लीला भंसाली करेंगे। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने भंसाली को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। फिल्म जगत के इस दिग्गज निर्माता-निर्देशक के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है, क्योंकि अब तक किसी भी फिल्ममेकर को राष्ट्रीय मंच पर इंडियन सिनेमा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर नहीं मिला था। भंसाली की इस झांकी के जरिए देशभर के लोग भारतीय फिल्मों की रंगीन दुनिया और सांस्कृतिक धरोहर का अनुभव करेंगे।

संजय लीला भंसाली ने भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने ‘देवदास’, ‘ब्लैक’, ‘पद्मावत’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ जैसी फिल्मों से नेशनल अवॉर्ड सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते हैं। भंसाली न केवल निर्देशक हैं, बल्कि प्रोड्यूसर, स्क्रीनराइटर, एडिटर और म्यूजिक कंपोजर भी हैं। उनका निर्देशन और भव्य सेट डिज़ाइन हमेशा प्रशंसा का केंद्र रहे हैं। फिल्म निर्माण में भी भंसाली सक्रिय हैं। उनकी नई फिल्में ‘दो दीवाने सहर में’ और ‘लव एंड वॉर’ इस साल रिलीज होने वाली हैं। ‘दो दीवाने सहर में’ 20 फरवरी को रिलीज होगी, जबकि ‘लव एंड वॉर’ अगस्त में दर्शकों के सामने आएगी।

इस परेड में इंडियन सिनेमा की झांकी की एंट्री न केवल भंसाली के लिए, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए गर्व का पल है। यह पहल भारतीय सिनेमा की समृद्ध परंपरा और रचनात्मकता को राष्ट्रीय मंच पर दिखाने का एक यादगार अवसर साबित होगी।