रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने एनटीपीसी अंडर ग्रेजुएट लेवल भर्ती 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 27 नवंबर तय की गई थी, लेकिन अब उम्मीदवार 04 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जिन अभ्यर्थियों ने किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं किया था, उन्हें अब एक और अवसर प्रदान किया गया है। आरआरबी ने फॉर्म करेक्शन की तारीखों में भी बदलाव किया है। नई अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थी 07 दिसंबर से 16 दिसंबर 2025 के बीच अपने आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन कर पाएंगे। इससे पहले करेक्शन की अंतिम तारीख 30 नवंबर से 09 दिसंबर निर्धारित थी।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 3058 पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 2424 पद, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 394 पद, जूनियर क्लर्क-कम-टाइपिस्ट के 163 पद और ट्रेन क्लर्क के 77 पद शामिल हैं। आवेदन के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।
उम्मीदवार आवेदन करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं, होमपेज पर दिए गए ‘RRB NTPC UG Recruitment 2025’ लिंक पर क्लिक करें, आवश्यक विवरण भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट आउट रखना न भूलें।









