भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने दुबई स्थित एमिरेट्स NBD बैंक P.J.S.C. की भारत में मौजूद शाखाओं के RBL बैंक लिमिटेड में विलय को मंजूरी दे दी है। RBI की 16 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, यह विलय 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगा। इसके बाद एमिरेट्स NBD की सभी भारतीय शाखाएं RBL बैंक की शाखाओं के रूप में काम करेंगी।
इससे पहले मई 2026 में वित्त मंत्रालय ने एमिरेट्स NBD को RBL बैंक में 74 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने की मंजूरी दी थी। इस सौदे के तहत 18 जून 2026 को एमिरेट्स NBD ने RBL बैंक में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की। इसके लिए करीब 2.75 अरब डॉलर यानी लगभग 26,000 करोड़ रुपये का प्राथमिक पूंजी निवेश किया गया।
इस प्रक्रिया में एमिरेट्स NBD ने RBL बैंक के 92.91 करोड़ पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर 280 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे। इस सौदे की घोषणा पहली बार अक्टूबर 2025 में की गई थी। सभी जरूरी नियामकीय मंजूरियां और अन्य शर्तें पूरी होने के बाद निवेश प्रक्रिया संपन्न हुई।
एमिरेट्स NBD को भारत में पहली शाखा खोलने की मंजूरी 2016 में मिली थी। बैंक ने जुलाई 2017 में मुंबई से परिचालन शुरू किया और बाद में गुरुग्राम तथा चेन्नई में भी शाखाएं खोलीं। हालांकि, RBI ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि विलय के बाद ग्राहकों की सेवाओं और बैंकिंग प्रक्रियाओं में क्या बदलाव होंगे। शुक्रवार को NSE पर RBL बैंक का शेयर 1.10 प्रतिशत बढ़कर 378.25 रुपये पर बंद हुआ।


