Business

RBI ने अनधिकृत फॉरेक्स प्लेटफॉर्म की चेतावनी सूची बढ़ाई, SEBI ने भी किया निवेशकों को अलर्ट

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने अनधिकृत विदेशी मुद्रा ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के खिलाफ अपनी कार्रवाई और सख्त कर दी है। बुधवार को RBI ने ऐसे सात नए प्लेटफॉर्म को अपनी ‘चेतावनी सूची’ में शामिल किया, जिससे सूची में कुल नामों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है। RBI का कहना है कि ये सभी इकाइयाँ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA), 1999 के तहत न तो फॉरेक्स लेनदेन करने के लिए अधिकृत हैं और न ही इलेक्ट्रॉनिक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म (ETP) चलाने के लिए। नए जोड़े गए प्लेटफॉर्म हैं—Starnet FX, CapPls, MirrorX, Fusion Markets, Tryd, NXG Markets और Nord FX।

इसी बीच, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने भी निवेशकों को अनरजिस्टर्ड ऑनलाइन बॉन्ड प्लेटफॉर्म से सावधान रहने की सलाह दी है। सेबी ने कहा कि अनरजिस्टर्ड प्लेटफॉर्म पर नियामकीय निगरानी नहीं होती और ऐसे मंच निवेशकों को सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम नहीं हैं।

नियामक ने निवेशकों को सलाह दी कि वे लेनदेन करने से पहले ऑनलाइन बॉन्ड प्लेटफॉर्म प्रदाताओं (OBPP) की पंजीकरण स्थिति की पुष्टि करें और केवल सेबी-पंजीकृत इकाइयों के साथ ही लेनदेन करें। साथ ही, बाजार सहभागियों को चेतावनी दी गई है कि ऑनलाइन बॉन्ड प्लेटफॉर्म के रूप में सेवाएं देने से पहले नियमों का पालन अनिवार्य है। यह कदम तब उठाया गया जब SEBI ने पाया कि कुछ फिनटेक कंपनियाँ और शेयर ब्रोकर बिना आवश्यक अनुमति के OBPP सेवाएं दे रहे थे।