Himachal

हिमाचल में बारिश का कहर, मंडी में फिर फटा बादल हुआ भारी नुकसान

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां आज भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट और पांच जिलों में बाढ़ की आशंका भी व्यक्त की गई है।

मंडी जिले के चौहारघाटी सिल्हबुधानी के कोरतंग क्षेत्र में एक बार फिर बादल फटने की घटना सामने आई है। देर रात हुए इस हादसे में क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस बार किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। गौरतलब है कि बीते सोमवार को भी मंडी जिले में कई स्थानों पर बादल फटने से भारी तबाही मची थी। अभी उस तबाही के जख्म भी नहीं भर पाए हैं, कि एक और अलर्ट प्रदेश के लिए चिंता बढ़ा रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है।