लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जर्मनी के म्यूनिख में BMW मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पहुंचे और भारतीय इंजीनियरिंग पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि भारत में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में गिरावट चिंता का विषय है और इसे बढ़ावा देने की जरूरत है।
जर्मनी दौरे के दौरान राहुल गांधी ने BMW वेल्ट और प्लांट का गाइडेड टूर किया। उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय मैन्युफैक्चरिंग को नजदीक से देखना उनके लिए एक शानदार अनुभव था। इस दौरान उन्होंने TVS की 450cc मोटरसाइकिल भी देखी, जिसे BMW के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है। उन्होंने इसे भारतीय इंजीनियरिंग का गौरव बताते हुए सराहना की।
हालांकि, राहुल गांधी ने कहा कि भारत में मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट देखने को मिल रही है, और देश को मजबूत अर्थव्यवस्था के लिए उच्च गुणवत्ता वाली नौकरियों और बेहतर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रोडक्शन बढ़ाना और एक सुदृढ़ मैन्युफैक्चरिंग ढांचा तैयार करना जरूरी है।
राहुल गांधी का यह जर्मनी दौरा संसद के विंटर सेशन के बीच हुआ। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक तकरार भी देखने को मिली। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया पांच दिन के विदेश दौरे की ओर इशारा करते हुए प्रतिक्रिया दी, जबकि भाजपा ने गांधी को गंभीर नहीं मानने वाला नेता करार दिया।









