Chandigarh Punjab

पंजाब: किसानों के चंडीगढ़ मार्च से यातायात प्रभावित, कई मार्गों पर लंबा जाम

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान चंडीगढ़ पहुंचे, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। किसानों के सेक्टर-34 स्थित प्रदर्शनी ग्राउंड में आयोजित महापड़ाव और रैली में शामिल होने के लिए पंजाब के विभिन्न जिलों से बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों में लोग लगातार पहुंचते रहे।

किसानों की भारी आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया और एडवाइजरी जारी की। रूट बदलने के कारण कई स्थानों पर लंबा जाम लगा, जिससे आम लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की।

रैली में शामिल होने के लिए कई किसान बसों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पहुंचे, जबकि कुछ लोग बसों की छतों पर बैठकर भी चंडीगढ़ पहुंचे। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त टुकड़ियां प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में तैनात की गईं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई ताकि रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।