पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस के कामकाज की समीक्षा करते हुए कहा कि सख्त प्रवर्तन, गहन जांच और बिना राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण राज्य में नशे और संगठित अपराध पर काबू पाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में 85,418 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, एन.डी.पी.एस. अधिनियम के तहत सजा दर 88 प्रतिशत रही और 1 जनवरी 2025 से अब तक 916 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया है। इस बहु-आयामी रणनीति में प्रवर्तन, नशा मुक्ति और रोकथाम को प्राथमिकता दी गई।
अभियान के तहत अब तक 5,119 किलोग्राम हेरोइन, 3,458 किलोग्राम अफीम, 5.82 किलोग्राम कोकीन, 82.04 किलोग्राम आइस और 52.46 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की जा चुकी है। मुख्यमंत्री मान ने बताया कि फाइनेंशियल जांच और संपत्ति जब्ती के जरिए अवैध रूप से अर्जित 2,730 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की गईं। इसके साथ ही 25,000 से अधिक एन.डी.पी.एस. मामले अदालतों में निपटाए गए, जिनमें 21,600 से अधिक सजाएं हुईं। मुख्यमंत्री ने सामाजिक भागीदारी को भी महत्व देते हुए बताया कि सेफ पंजाब व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से लगभग 30,000 कार्रवाई योग्य सूचनाएं प्राप्त हुईं, 11,000 से अधिक एफ.आई.आर. दर्ज की गईं और लगभग 14,000 गिरफ्तारियां हुईं।
इसके अलावा, ड्रोन आधारित तस्करी रोकने में भी राज्य सरकार ने बड़ी सफलता हासिल की है। गैंगस्टरों और अपराध मॉड्यूल के खिलाफ कार्रवाई में 916 गैंगस्टरों की गिरफ्तारी, 13 मुठभेड़ों में ढेर और 594 हथियार जब्त किए गए। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह अभियान राज्य में नशों और अपराध के खिलाफ निर्णायक जीत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।









