पंजाब सरकार ने एक बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत कर दी है। इस योजना के तहत राज्य के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। खास बात यह है कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी भी आय या उम्र की सीमा नहीं है। योजना में शामिल होने के लिए केवल आधार कार्ड या मतदाता कार्ड होना आवश्यक है और यह कार्ड पंजाब का होना चाहिए।
इस योजना का लाभ प्रदेश के लगभग 65 लाख परिवारों और 3 करोड़ लोगों को मिलेगा। इसे 900 से अधिक अस्पतालों में लागू किया जाएगा, जहां विभिन्न प्रकार की बीमारियों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत घुटने की समस्या से लेकर कैंसर तक, कुल 23 से अधिक गंभीर बीमारियों का इलाज कवर होगा। मरीज का अस्पताल में दाखिला, इलाज और दवाइयों तक का खर्च सरकार द्वारा उठाया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस योजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह पंजाब के हर परिवार के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने किसी भी परिवार को इस योजना से बाहर नहीं रखा है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह योजना पंजाब में मुफ्त और अच्छी स्वास्थ्य सुविधा का बड़ा कदम है। पंजीकरण के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा और कार्ड बनकर लगभग 10–15 दिन में परिवारों तक पहुँचाया जाएगा। योजना को चार महीनों के भीतर पूरे राज्य में लागू करने का लक्ष्य है।यह योजना पंजाब में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर साबित होगी और आम नागरिकों को बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने में मदद करेगी।









