National

विजयादशमी पर राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

दशहरा, जिसे विजयादशमी के नाम से जाना जाता है, नवरात्रि और दुर्गा पूजा के समापन पर मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण पर्व है. यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और पौराणिक कथाओं के अनुसार, यह दिन भगवान श्रीराम की रावण पर तथा देवी दुर्गा की महिषासुर पर विजय का स्मरण कराता है.

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक बधाई दी. राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में विजयादशमी को सत्य, न्याय और सद्भाव का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें क्रोध, अहंकार और अन्य नकारात्मक प्रवृत्तियों से ऊपर उठकर साहस, दृढ़ संकल्प और सदाचार को अपनाने की प्रेरणा देता है. यह पर्व सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का भी संदेश देता है.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में विजयादशमी को असत्य पर सत्य की और पाप पर पुण्य की जीत का प्रतीक बताते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी को साहस, ज्ञान और भक्ति की राह पर चलने की प्रेरणा दे. भारत के विभिन्न हिस्सों में इस दिन रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले दहन की परंपरा निभाई जाती है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. दशहरा सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मनिरीक्षण और आंतरिक शुद्धि का संदेश भी है.