Delhi National

संसद मार्च पर बवाल, जंतर-मंतर खाली; जानिए प्रदर्शन की बड़ी बातें

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ अभियान के दौरान सोमवार को दिल्ली में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाए। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि बाद में जंतर-मंतर को भी खाली करा दिया गया। प्रदर्शन का असर संसद के मानसून सत्र पर भी पड़ा। विपक्ष ने NEET-UG पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा, जिसके कारण दोनों सदनों में लगातार हंगामा होता रहा और कार्यवाही बाधित हुई।

इधर, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आग्रह पर अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया। वहीं, अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक का उपवास जारी है। इस बीच CJP प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। नड्डा ने भरोसा दिलाया कि मांगों से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा और प्रदर्शनकारियों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की। सुरक्षा के मद्देनज़र दिल्ली मेट्रो के पांच स्टेशनों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। संसद और आसपास के इलाकों में पुलिस, अर्धसैनिक बलों तथा रैपिड एक्शन फोर्स की अतिरिक्त तैनाती की गई।

विपक्षी नेताओं ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद में छात्रों के साथ कथित लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर आवाज दबाने का आरोप लगाया। वहीं आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी के कई नेता जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के समर्थन में खड़े दिखाई दिए। फिलहाल राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।