प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुरुवार को सिक्किम के राज्यत्व दिवस समारोह में शामिल होना था, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका दौरा रद्द करना पड़ा। इसके चलते प्रधानमंत्री मोदी गंगटोक नहीं पहुंच पाए और उन्होंने बागडोगरा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए सिक्किम की जनता को संबोधित किया। इस वर्ष सिक्किम के भारत में विलय की 50वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री ने सिक्किम की जनता को शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास, सांस्कृतिक समृद्धि और पर्यटन क्षेत्र की जमकर तारीफ की।
पीएम मोदी ने कहा, ‘आतंकियों ने हमारे अनेक परिवारों की खुशियों को छीन लिया। उन्होंने हम भारतीयों को बांटने की भी साजिश रची। आज पूरी दुनिया देख रही है कि भारत आज पहले से कहीं ज्यादा एकजुट है। हमने एकजुट होकर आतंकियों और उनके सरपरस्तों को साफ संदेश दिया। हमने आतंकियों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से करारा जवाब दिया।’
उन्होंने का कि आतंकी अड्डे तबाह होने से बौखलाकर पाकिस्तान ने हमारे नागरिकों और सैनिकों पर हमले की कोशिश की, लेकिन उसमें भी पाकिस्तान की पोल ही खुल गई। हमने उनके कई एयरबेस तबाह करके दिखा दिया कि भारत कब क्या कर सकता है। कितनी तेजी से कर सकता है, कितना सटीक कर सकता है।









