केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 5 जून से 21 जून 2026 तक देशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान की थीम “12 साल: विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” रखी गई है, जिसके तहत सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। इस अभियान के दौरान पार्टी पांच विशेष बुकलेट के जरिए सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को साझा करेगी। इन बुकलेट्स को विभिन्न भारतीय भाषाओं में जारी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंच सके।
पांच प्रमुख बुकलेट्स में “राष्ट्र प्रथम”, “राष्ट्र सशक्तिकरण”, “जनसेवा का संकल्प”, “सशक्तिकरण से समृद्धि तक” और “विरासत भी विकास भी” शामिल हैं। इनमें राष्ट्रीय सुरक्षा, जनकल्याणकारी योजनाएं, महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक धरोहर और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई है। इस दौरान 5 से 21 जून तक देशभर में जनसंपर्क, सेवा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देंगे। साथ ही स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन और प्रगति पथ यात्राओं जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
8 से 12 जून के बीच मीडिया संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिसमें केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे। वहीं 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे। इसके अलावा 12 से 20 जून तक देशभर में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जहां आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि और पीएम सूर्य घर जैसी योजनाओं में पात्र लोगों का पंजीकरण किया जाएगा। 5 जून को पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। बीजेपी का कहना है कि यह अभियान सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ “विकसित भारत” के लक्ष्य को और गति देने में अहम भूमिका निभाएगा।









