उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यात्रा का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। एयरपोर्ट से पहली उड़ान 15 जून से शुरू होगी, जबकि टिकटों की बुकिंग आज शाम से शुरू किए जाने की तैयारी है। शुरुआती चरण में इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवाएं शुरू करेगी। इसके बाद अकासा एयरऔर एयर इंडिया एक्सप्रेसजैसी एयरलाइंस भी यहां से उड़ान संचालन शुरू कर सकती हैं।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार, नागरिक उड्डयन सुरक्षा से जुड़ी मंजूरी मिलने के बाद 15 जून को संचालन शुरू करने की तारीख तय की गई है। पहली फ्लाइट नोएडा से लखनऊ के बीच संचालित होगी। हाल ही में हुई यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में 17 शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया था।
ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म और फ्लाइट सर्च इंजन पर एयरपोर्ट की पहचान DXN कोड से की जाएगी। टिकट यात्री एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल पोर्टल के जरिए बुक कर सकेंगे। एयरपोर्ट का पहला चरण करीब 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया गया है, जिसमें 3900 मीटर लंबा रनवे, आधुनिक टर्मिनल, एटीसी टावर और कार्गो हब जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
एयरपोर्ट के संचालन के साथ ही बस सेवाएं भी शुरू करने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड से एयरपोर्ट तक सीधी बस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। माना जा रहा है कि इससे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव कम होगा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश व दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही होटल, टैक्सी, ट्रैवल और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।









