National

नीता अंबानी ने पिता की स्मृति में शुरू किया ‘जीवन’ अस्पताल, कैंसर मरीजों को मिलेगी नई उम्मीद

रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी ने मुंबई में रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल की नई शाखा ‘जीवन’ का उद्घाटन किया है। यह अस्पताल उन्होंने अपने दिवंगत पिता रविंद्रभाई दलाल की स्मृति को समर्पित किया है। ‘जीवन’ को खास तौर पर कैंसर और डायलिसिस से जूझ रहे मरीजों के लिए विकसित किया गया है, जहां आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ मानवीय संवेदना को भी प्राथमिकता दी गई है।

उद्घाटन समारोह में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी, नीता अंबानी की मां ममता दलाल, बहन पूर्णिमा दलाल और अंबानी परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर नीता अंबानी ने कहा कि यह अस्पताल एक बेटी की ओर से अपने पिता के लिए श्रद्धांजलि है। उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा सेवा को सबसे बड़ा धर्म मानते थे और ‘जीवन’ उसी सोच का विस्तार है।

यह नई विंग रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल की स्थापना के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू की गई है। नीता अंबानी के अनुसार, अस्पताल की शुरुआत का उद्देश्य विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक सुलभ और किफायती बनाना था। बीते एक दशक में अस्पताल ने करीब 33 लाख मरीजों का इलाज किया है, जिनमें 16 लाख बच्चे शामिल हैं।

‘जीवन’ अस्पताल में उन्नत ऑन्कोलॉजी सेवाएं, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और डायलिसिस की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम मरीजों की देखभाल में तैनात रहेगी। बच्चों के लिए अलग से कीमोथेरेपी वार्ड तैयार किया गया है, जिसे रंगीन और दोस्ताना माहौल में सजाया गया है, ताकि इलाज के दौरान वे खुद को सहज महसूस कर सकें। ‘जीवन’ न सिर्फ एक अस्पताल है, बल्कि उम्मीद और करुणा का नया केंद्र भी है।